एटा। अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर पति ने विवाहिता को घर से निकाल दिया और पांच माह के बेटे को छीनकर किराए का मकान खाली कर भाग गया। विवाहिता की ओर से की गई पुलिस से शिकायत के बाद पति धमकी देकर गया तो विवाहिता ने आत्महत्या करने के लिए जहर खा लिया। विवाहिता को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कोतवाली नगर स्थित निधौली रोड मोहल्ला अशोक नगर निवासी वेदप्रकाश के मकान में किराए पर रहने वाली विवाहिता प्रीती पत्नी भूप सिंह ने सोमवार की देर शाम जहर खा लिया। जिसको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसका आरोप है कि पति भूप सिंह सहित ससुरालीजन शादी के बाद से ही अतिरिक्त दहेज में बाइक और एक भैंस की मांग कर रहे थी। मायके वालों ने कई बार समझौता कराया। पति किराए पर शहर के मोहल्ला अशोक नगर में रहने लगा, लेकिन 10 जनवरी को मारपीट कर पांच माह के बेटे के साथ घर से निकाल दिया। इसके बाद से सहेली पूजा के घर में रह रही है। मामले की शिकायत कोतवाली नगर में की गई तो कोई सुनवाई नहीं हुई, इसके बाद सोमवार की सुबह एसएसपी से शिकायत की गई। शिकायत करने के बाद मोहल्ले में पहुंची तो पति ने बेटे को छीनकर सारा सामान भरकर अपने गांव नगला झंडी थाना कादरचौक जिला बदायूं चला गया और मुझे धमकी दी गई। इसके बाद भयभीत होने के चलते आत्महत्या करने के लिए विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया।