रविवार सुबह गांव दूल्हापुर में एक खेत में नील घोड़ा मृत मिला। जानकारी पाकर पहुंची पुलिस दो लोगों को पकड़कर ले गई, साथ ही कुछ अन्य लोगों के नाम भी लिखकर ले गई। इससे ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने गांव में हंगामा शुरू कर दिया। जानकारी पर ग्राम प्रधान व जिला पंचायत सदस्य मौके पर पहुंचे और पकड़े गए लोगों को छुड़वाने का आश्वासन देकर ग्रामीणों का शांत किया।
कोतवाली देहात के गांव दूल्हापुर में एक ग्रामीण के खेत में रविवार सुबह नील घोड़ा मरा मिला था। ग्रामीणों का कहना था कि पुलिस दो लोगों को पकड़कर ले गई और 17 लोगों के नाम लिखकर ले गई। ग्रामीणों का आरोप था कि पुलिस पकड़े गए लोगों को छोड़ने के नाम पर सुविधा शुल्क मांग रही है और न देने पर फंसाने की धमकी दे रही है। जिला पंचायत सदस्य राकेश राजपूत, प्रधान ने ग्रामीणों को पकड़े गए लोगों को छुड़वाने का आश्वासन दिया। उधर, एसओ का कहना है कि किसी ग्रामीण को हिरासत में नहीं लिया गया है। एसएसपी एसके सिंह ने बताया कि यह मामला उनकी जानकारी में नहीं है, यदि कोई शिकायत मिलती है तो जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।