एटा। थाना अवागढ़ क्षेत्र के गांव खेड़ा में एक युवक ने घर पर कहासुनी होने के बाद शराब के नशे में फंदा लगाकर जान दे दी। परिजन मेडिकल कॉलेज लाए लेकिन बाद में बिना पोस्टमार्टम कराए वापस ले गए।
थाना अवागढ़ के गांव खेड़ा निवासी ब्रजेश कुमार ने बताया कि चचेरा भाई शिवम शराब का आदी था। मंगलवार की सुबह किसी बात को लेकर घर पर कहासुनी हो गई। इसके बाद वह शराब के नशे में आया और कमरे में घुसकर कुंडी लगा ली। काफी देर तक बाहर नहीं निकला तो परिजन को चिंता हुई। दरवाजा खटखटाने के बाद भी नहीं खुला तो उसे तोड़कर अंदर घुसे। अंदर शिवम गमछे के फंदे से छत के हुक में फंसा लटक रहा था।
उसको मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही घर ले गए और अंतिम संस्कार कर दिया। सीओ जलेसर नितीश गर्ग ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। अगर कोई तहरीर मिलती है तो केस दर्ज कर जांच की जाएगी। संवाद