जलेसर। क्षेत्र के गांव जैनपुरा में शराब के नशे में युवकों ने घर में घुसकर तोड़फोड़ करते हुए जमकर पथराव किया। बृहस्पतिवार की सुबह हुई पथराव की घटना से गांव में भगदड़ मच गई। लोगों के एकत्रित होने पर मामला शांत हो सका। पुलिस इस घटना की सच्चाई जानने को सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।पीड़ित अनिल प्रताप सिंह ने पुलिस को बताया बृहस्पतिवार की सुबह करीब 10:30 बजे पड़ोस के गांव तावलपुर जा रहा था। गांव में परचून की दुकान के पास खड़े मुकेश, प्रवीन और इंद्रपाल ने उसे रोककर एक पुराने मामले को लेकर विवाद करने लगे। तीनों युवक के शराब के नशे में होने पर उसने विवाद को टालने की कोशिश की इस पर तीनों गाली-गलौज और मुकदमे में फंसाने की धमकी देते हुए हमलावर हो गए।
हमला होने पर अनिल वहां से भागकर घर पहुंच गया। हमलावर और उनके साथी उसके पीछे दौड़ते हुए उसके घर में घुस गए और तोड़फोड़ करते हुए पथराव करने लगे। हमलावरों पर परिवार की महिलाओं के साथ अभद्रता करने का भी आरोप है। थाना प्रभारी संजय राघव ने बताया कि घटना की सच्चाई जानने को सीसीटीवी कैमरे खंगालकर जांच की जा रही है।