रविवार शाम से बदला मौसम सोमवार को भी बदलता रहा। सुबह हल्की बूंदाबांदी के साथ तेज हवाएं चलीं। इसके अलावा आसमान में काले बादल भी छाए रहे। दिनभर चलीं धूल भरी हवाओं ने सड़क यातायात पर भी असर डाला। दूसरी ओर, आसमान में छाए काले बादलों को किसान टकटकी लगाए देखते रहे। भीषण गर्मी और बिजली कटौती की वजह से किसानों की जायद की फसलें सूख रही हैं। ऐसे में उन्हें सींचने के लिए एक अच्छी बारिश की जरूरत है।
सोमवार सुबह से काले बादल छाए रहे और तेज हवाएं चलीं। इसके चलते तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई। इसके चलते लोगों को गर्मी से भी थोड़ी निजात मिली। एक पखवाड़े से लगातार बढ़ रहे तापमान की वजह से लोग अकुलाने लगे हैं। बढ़ती गर्मी की वजह से बिजली का संकट भी गहराने लगा है।
लोग गर्मी से बचने के लिए नहरों आदि में नहाते दिखाई दे रहे हैं। किसानों की मानें तो गर्मी की वजह से उनकी जायद की फसल सूख रही है। किसानों को इन्हें समय से सींचना भारी पड़ रहा है। ऐसे में वे भी अब आसमान की ओर टकटकी लगाए हैं। किसानों ने बताया कि बरसात के हो जाने से उनकी जायद की फसलों को तो नया जीवन मिलेगा ही, बल्कि खरीफ की तैयारियां भी तेज होंगी।