जीटी रोड पर बुधवार सुबह के समय रिमझिम बारिश में गुजरते लोग। संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। मंगलवार रात से शुरू हुई रिमझिम बुधवार सुबह तक रुक-रुक कर होती रही। जबकि दोपहर के समय झमाझम बारिश हो गई। जिससे मौसम सुहाना बना रहा, लेकिन बारिश के बाद निकली धूप ने उमस भरी गर्मी बढ़ा दी। बुधवार सुबह के समय कुछ देर के लिए बूंदाबांदी बंद हुई। जबकि करीब 8 बजे से फिर रिमझिम होने लगी। दोपहर करीब 12 बजे बारिश तेज हो गई। घंटे भर हुई झमाझम बारिश से तापमान में कमी आई और मौसम अच्छा हो गया। हालांकि बारिश के चलते शहर के कई मार्गों पर जलभराव की स्थिति बन गई। लोगों को गंदे पानी से होकर निकलना पड़ा। करीब 3 बजे हल्की धूप निकल आई, जिससे तापमान के साथ ही उमस बढ़ गई। जिसने लोगों को परेशान किया।
रेलवे स्टेशन रोड से गुजरना है मुसीबत
जलेसर। रेलवे स्टेशन रोड पर जलभराव के चलते यहां से गुजरना लोगों के लिए मुसीबत बना रहा। यह नगर का प्रमुख व्यस्ततम और महत्वपूर्ण मार्ग है। रेलवे स्टेशन तथा मिनी औद्योगिक आस्थान के अलावा कई गांवों के लिए भी पहुंचने का रास्ता यही है। अभी तक इसके किनारे नाली निर्माण न होने से जरा सी बारिश में ही यह मार्ग तलैया में तब्दील हो जाता है। स्थानीय बाशिंदे मनीराम यादव, बबलू यादव, नन्हे खान, राजू मिश्रा, राकेश कुमार, राकेश शर्मा, धर्मेन्द्र पाठक, दिनेश यादव, प्रवेंद्र वशिष्ठ आदि लोगों ने बताया कि पूर्व में अफसरों से शिकायतें कर चुके हैं, लेकिन समस्या से निजात नहीं मिली। संवाद