अलीगंज से कायमगंज रोड पर हुए सड़क हादसे में रोडवेज से टकराकर क्षतिग्रस्त हुआ लोडर वाहन। संवाद
अलीगंज(एटा)। कायमगंज मार्ग पर कोल्ड स्टोर के पास मंगलवार को रोडवेज बस और बेकरी के सामान से लदे लोडर की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में लोडर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा लोडर में सवार एक युवक और बस का परिचालक घायल हो गया। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया।
आगरा फोर्ट डिपो की रोडवेज बस कायमगंज की ओर से एटा जा रही थी। मंगलवार को दोपहर करीब दो बजे बांके बिहारी पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रहे लोडर से उसकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि लोडर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसमें फंस गया। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी प्रयास के बाद चालक विपिन यादव निवासी मिथेना थाना छिबरामऊ जिला कन्नौज को बाहर निकाला लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
इसके साथ ही लोडर में सवार रेहान व बस के परिचालक कन्हैया गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज पहुंचाया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद इनको मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया वहां इलाज चल रहा है।
सूचना पर क्षेत्राधिकारी अलीगंज राजेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एंबुलेंस के ईएमटी विमल कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची थी।
अलीगंज से कायमगंज रोड पर हुए सड़क हादसे में रोडवेज से टकराकर क्षतिग्रस्त हुआ लोडर वाहन। संवाद