जैथरा। कस्बे में बुधवार सुबह लोडर वाहन से टक्कर में ऑटो चालक की दर्दनाक मौत हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार ऑटो चालक सवारियां उतार रहा था तभी यह हादसा हो गया।
गांव बनार निवासी रामनरेश ने बताया कि बेटा सुनील (26) गांव के ही एक व्यक्ति का ऑटो किराये पर लेकर चलाता था। बुधवार सुबह लगभग 5 बजे प्रतिदिन की तरह सवारी लेकर कस्बा जैथरा आया था। यहां सवारी उतारते समय सामने आ रहे लोडर वाहन से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सुनील ऑटो में ही फंस गया। इसके बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
शोर सुनकर आसपास के घरों से लोग बाहर निकल आए। ऑटो की हालत देखते हुए स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और किसी तरह से चालक को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैथरा लाए। यहां चिकित्सक ने सुनील को मृत घोषित कर दिया। जानकारी मिलते ही मृतक के घर में मातम पसर गया। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी शंभूनाथ ने बताया कि दोनों ही वाहन गांव वनार के हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया है। लोडर वाहन के चालक की लताश की जा रही है।