उत्तर प्रदेश के एटा में यातायात कानूनों की मार ऑटो चालक पर ऐसी पड़ी कि उसकी जान चली गई। पांच साल में उसका 65 बार चालान किया गया। जिससे वह अवसाद में था। दो दिन पहले उसका ऑटो पुलिस ने पकड़ लिया था। वकील के पास जाते समय उसे दिल का दौरा पड़ गया। उसका शव शनिवार शाम थाना कोतवाली देहात क्षेत्र में विरामपुर के पास पड़ा मिला।
निधौली कला थाना क्षेत्र के गांव रूस्तमगढ़ निवासी महाराज सिंह ने बताया कि उनके भाई चरन सिंह (48) पर खुद का ऑटो है। इसको चलाकर ही वह परिवार का जीवन-यापन करते थे। शनिवार की देर शाम सूचना मिली कि वह बेहोशी की हालत में गांव विरामपुर के पास पड़े हैं।
हम लोग पहुंचे और चरन सिंह मेडिकल कॉलेज आए। यहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। बिना पोस्टमार्टम कराए परिजन शव घर ले आए और अंतिम संस्कार कर दिया। महाराज सिंह ने बताया कि भाई के ऑटो का पांच साल में 65 बार चालान कट चुका है। इसकी वजह से वह परेशान हो गए थे। तनाव में रहते थे।
चरन सिंह के पुत्र आकाश ने बताया कि दो दिन पहले पुलिस ने ऑटो पकड़कर खड़ा करा लिया। इसको छुड़ाने के सिलसिले में वह शनिवार शाम वकील के पास जाने के लिए घर से निकले, काफी चिंता में थे। रास्ते में उनको दिल का दौरा पड़ गया और सही समय पर उपचार न मिल पाने की वजह से जान चली गई।
इस प्रकार का कोई मामला संज्ञान में नहीं है। किसी प्रकार की कोई शिकायत या तहरीर आती है तो जांच-पड़ताल कराई जाएगी। - विक्रांत द्विवेदी, सीओ सिटी