उत्तर प्रदेश के एटा जिले में पेट की समस्या से पीड़ित मरीजों में लगातार इजाफा हो रहा है। इस पर डॉक्टर ने विशेष सलाह दी है। अन्यथा कैंसर तक की समस्या पैदा हो सकती है। डॉक्टर के मुताबिक तेल को बार-बार गर्म करके बनाए जा रहे पकवानों को खाने से सेहत पर भारी असर पड़ रहा है। इससे पेट में गैस, अपच, कोलेस्ट्रॉल, फैटी लिवर की समस्याएं हो रही हैं। डॉक्टर की मानें तो यह खाना किडनी की खराबी से लेकर कैंसर तक की बीमारी पैदा कर सकता है।
आजकल फास्ट फूड का आलम का यह है कि गर्म समोसे, पकौड़े का नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है। दुकानों, ठेलों पर सुबह से लोगों की भीड़ लगी रहती है। इन्हें खरीदते समय लोग जरा सा भी ध्यान नहीं देते कि ये उनकी सेहत पर किस कदर भारी पड़ सकते हैं। कई दुकानदार बार-बार एक ही तेल को गर्म करके पकवान बनाते हैं।
.....इस तेल को खाने से कैंसर सेल विकसित हो जाते हैं
मेडिकल कॉलेज के फिजीशियन डॉ. मानवेंद्र प्रताप ने बताया कि कई बार तेल गर्म करने से उसमें ट्रांस फैटी एसिड बनना शुरू हो जाता है। ये एसिड, तेल को हर बार गर्म करने पर पांच से दस फीसदी बढ़ता जाता है। सीएमएस महिला विंग के डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि बार-बार तेल गर्म करने से प्रोटीन, वसा जल जाता है और पौष्टिकता खत्म हो जाती है। इससे पाचन में दिक्कत होती है।
कहा कि तेल को पचाने के लिए शरीर को अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ती है। इससे कैंसर सेल विकसित हो जाते हैं। पाचन क्रिया प्रभावित होने से लिवर भी खराब हो जाता है। हानिकारक पदार्थ किडनी में जमा हो जाते हैं। इससे किडनी फेल हो सकती है। उन्होंने बताया कि ओपीडी में आने वाले 40 फीसदी मरीज तो पेट में गैस, अपच, कब्ज आदि समस्या लेकर आते हैं। इनमें ज्यादातर लोग वो होते हैं, जो लंबे समय से बाहर का तला-भुना खा रहे होते हैं।
हार्टअटैक आने का भी रहता है खतरा
फिजीशियन डॉ. सुरेश चंद्रा का कहना है कि लगातार हार्ट अटैक के मामले बढ़ते जा रहे हैं। खासकर 40 साल से कम उम्र के युवाओं को भी हार्ट अटैक आने लगा है। इसके पीछे की एक वजह ज्यादा तनाव लेना तो है ही, साथ ही लोग बाहर का भी खूब तला-भुना खाने लगे हैं। एक ही तेल को कई बार गर्म करके बने पकवान खाने से शरीर में खराब कोलेस्ट्रॉल बढ़ जाता है। यह हृदय की नसों में जमकर ब्लॉकेज कर सकता है और हार्ट अटैक आने की आशंका बढ़ जाती है।
खाद्य तेल को तीन बार से ज्यादा गर्म नहीं किया जाना चाहिए
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा औषधि प्रशासन डॉ. श्वेता सैनी ने कहा कि किसी भी खाद्य तेल को तीन बार से ज्यादा गर्म नहीं किया जाना चाहिए। वरना खाद्य तेल का टोटल पोलर कंपाउंड (टीपीसी) बढ़ जाता है। 25 फीसदी से अधिक टीपीसी हो जाने पर खाना खाने योग्य नहीं होता है। लगातार अभियान चलाकर दुकानदारों को इसको लेकर जागरूक किया जा रहा है।