एटा/सकीट। विकासखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत इशारा पूर्वी में प्रधान और सचिव ने रिश्वतखोरी के जरिये दस अपात्रों को पीएम आवास योजना का लाभ दिला दिया। जांच के बाद दोनों के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
ग्राम पंचायत इशारा पूर्वी में अपात्रों को पीएम आवास देने की शिकायत की गई थी। शिकायत के आधार पर जिलाधिकारी अंकित कुमार अग्रवाल ने डीसी एनआरएलएम प्रतिमा निमेष को जांच करने के निर्देश दिए। इनकी जांच आख्या में कुल दस व्यक्तियों को अपात्र पाया गया। ग्राम पंचायत सचिव ने प्रधान के माध्यम से अपात्र व्यक्तियों से रुपये लेकर प्रधानमंत्री आवास योजनांतर्गत उन्हें पात्र बनाकर लाभ दे दिया।
अपात्रों को आवास दिए जाने में ग्राम पंचायत सचिव व प्रधान की संलिप्तता पाई गई। जिसके बाद खंड विकास अधिकारी सकीट शैली गोविल ने सकीट थाने में तहरीर दी। ग्राम पंचायत सचिव बलराम यादव और ग्राम प्रधान मनीषा देवी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई। इसके साथ ही पंचायत सचिव पर विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।
डीएम ने सख्त निर्देश दिए कि शासन द्वारा संचालित महत्वपूर्ण योजना प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। पात्र को अपात्र या अपात्र को पात्र बनाने की शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्यवाई अमल में लाई जाएगी।