कांवड़ रूटो का निरीक्षण करते डीएम अरविंद सिंह। सूचना विभाग
एटा। आगामी श्रावण मास में निकलने वाली कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुचारु और भव्य बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने अधिकारियों की टीम के साथ कांवड़ यात्रा मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने स्पष्ट हिदायत दी कि श्रद्धालुओं की सुविधा में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही मिलने पर सीधे संबंधित अधिकारी पर कार्रवाई होगी।
लोक निर्माण विभाग ने यात्रा मार्गों पर सड़क मरम्मत, गड्ढों के भराव, पेचवर्क, सड़क किनारों की सफाई तथा झाड़ियों की कटाई का अभियान तेज कर दिया है, जिससे कांवड़ियों को निर्बाध आवागमन मिल सके। वहीं नगर पालिका की ओर से मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, मोबाइल शौचालय, जल निकासी और सफाई व्यवस्था की जा रही है। विद्युत विभाग भी सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्क है। यात्रा मार्गों पर स्थित बिजली के पोल को पॉलिथीन, ट्रांसफाॅर्मरों के चारों ओर सुरक्षा जाली लगाने व उन्हें सुरक्षित कवर करने का कार्य कराया जा रहा है। जिससे विद्युत दुर्घटनाओं की आशंका समाप्त हो सके। निरीक्षण के दौरान डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ तय समय में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करें। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता मिलने पर संबंधित अधिकारी और कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कहा कि प्रशासन का लक्ष्य कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुविधाजनक और श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है ताकि जिले से गुजरने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।