गांव क्षेत्र में जर्जर मार्ग का निरीक्षण करते डीएम- अमर उजाला
- फोटो : ETAH
एटा/मिरहची। डीएम सुखलाल भारती ने रविवार को मारहरा ब्लॉक के सांसद आदर्श गांव सूरतपुर माफी का निरीक्षण किया। इस दौरान अपात्र को शौचालय देने पर डीएम ने पंचायत सचिव को निलंबित किया। साथ ही गांव में सफाई नहीं होने पर सफाई कर्मचारी को भी निलंबित कर दिया। डीएम ने प्रधान को कारण बताओ नोटिस देने के निर्देश दिए हैं।
डीएम सुखलाल भारती रविवार को सांसद आदर्श गांव सूरतपुर माफी पहुंचे। गांव में साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब पाई गई। गलियों में गंदगी देख डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने बताया कि सफाई कर्मी प्रवीन गांव में आते ही नहीं हैं। डीएम ने तत्काल सफाई कर्मचारी प्रवीन को निलंबित करने के निर्देश दिए। साथ ही डीएम ने गांव में अपात्र को शौचालय का लाभ देने पर पंचायत सचिव प्रदीप कुमार को निलंबित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही गांव की बदहाली पर प्रधान महताब सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी करने के लिए निर्देशित किया। डीएम ने चौपाल लगाकर शौचालय निर्माण कार्य की समीक्षा की। डीएम ने गांव में जल निगम द्वारा 96.55 लाख रुपये की लागत से बनाई जा रही पानी की टंकी का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण रूप से कराया जाए। साथ ही टंकी बाउंड्रीवाल और पंप हाउस भी बनाया जाए। डीएम ने गांव में पेंशन का सत्यापन कराने के निर्देश दिए। इस मौके पर डीडीओ एसएन कुशवाह, एसडीएम सदर नंदलाल सिंह, पंचायत सचिव प्रदीप कुमार, ग्राम प्रधान महताब सिंह मौजूद रहे।