अलीगंज। दरियागंज रोड पर सब्जी लेकर ट्राई साइकिल से घर जा रहा दिव्यांग ट्रक की चपेट में आ गया। इसके चलते उसकी मौत हो गई।
गांव कैल्ठा निवासी दिव्यांग मनोज (40) रविवार को सब्जी लेने अलीगंज बाजार गए थे। वहां से लौटकर घर की ओर आ रहे थे। दरियावगंज रोड पर ट्रक की चपेट में आ गए। परिवार के चंदन सिंह यादव ने बताया कि हादसे में मनोज गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको अलीगंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी निर्दोष सिंह सेंगर ने बताया कि पंचनामा की प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया है। ट्रक को पकड़ लिया गया है।
वहीं नयागांव थाना क्षेत्र में एचपी पेट्रोल पंप से लगभग 300 मीटर की दूरी पर रविवार शाम दो मोटरसाइकिलें आपस में भिड़ गईं। जुनेदपुर गांव निवासी विनोद और उनकी पत्नी पुष्पा अलीगंज से भोगांव जा रहे थे। सामने से रवि निवासी ऊबरपुर सराय बाइक से आ रहा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सीएचसी अलीगंज में प्राथमिक उपचार के बाद रवि और विनोद की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रेफर कर दिया गया।