जैथरा। कस्बे के बरना रोड पर गंदे पानी की निकासी को नाला-नाली की व्यवस्था नहीं है, इससे सड़क किनारे बने भवनों का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। लोगों ने निकासी न होने पर जगह-जगह गड्ढे कर रखे हैं। इसकी वजह से गंदा पानी एकत्रित होेने पर संक्रामक बीमारी फैलने की आशंका है।
विज्ञापन
रोजगार और बच्चों को पढ़ाने के लिए गांव से आए लोगों ने कस्बे के बरना रोड पर मकान बना लिए हैं। धीरे-धीरे बरना रोड पर दर्जनों मकान का निर्माण कराकर लोग उनमें निवास कर रहे हैं। पानी की निकासी को लोगों ने मकान के पास ही गड्ढे कर रखे हैं, इससे उन गड्ढों में गंदा पानी एकत्रित हो रहा है। गंदे पानी के भरने से संक्रामक बीमारी का खतरा भी सता रहा है। नाली का निर्माण न होने से सड़क पर पानी बहने से सड़क खराब हो रही है। यहां के भूप सिंह वर्मा, यशवीर फौजी, जुगेंद्र सिंह, ओमकार वर्मा, इंद्रपाल सिंह, पंकज यादव, जिलेदार वर्मा आदि ने नाली निर्माण की मांग की है। नगर पंचायत अध्यक्ष विवेक गुप्ता ने यह सड़क पीडब्ल्यूडी की है। गंदे पानी की निकासी को नाला निर्माण किस विभाग को कराना है, इसके लिए प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता जारी है।