गर्मी ने लोगों को बेहाल कर रखा है। सुबह नौ बजे से ही आसमान से आग जैसी धूप बरसने लग रही है। गर्म हवाओं के थपेड़ों से भी घर से बाहर निकलना मुश्किल हुआ है। तपन बढ़ने के साथ ही तापमान भी बढ़ रहा है। मंगलवार को पारा एक डिग्री सेल्सियस चढ़कर 43 पार कर गया। वहीं चिलचिलाती धूप, गर्म हवाओं के थपेड़ों के कारण दोपहर में बाजार, सड़कों पर सन्नाटा ही दिखा।
मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तेज धूप और गर्मी का अहसास सुबह से ही होने लगा। सूरज की तीखी किरणों ने लोगों को परेशान कर दिया। सुबह 11 बजे तक आलम यह रहा कि धूप के साथ गर्म हवाएं चलने लगीं। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया तापमान भी बढ़ता रहा। दोपहर में दो बजे अधिकतम तापमान 43 डिग्री दर्ज किया गया। तेज धूप और गर्मी के कारण बाजार में भी सहालग का मौसम होने के बाद भी दोपहर सन्नाटा दिखा। जरूरी काम से बाहर निकली महिलाएं जहां धूप से बचने के लिए छतरी के साथ दिखी। वहीं लोग कैप, अंगोछे से चेहरे और आंखों पर चश्मा लगाकर खुद को गर्म हवाओं के थपेड़ों और धूप से बचाव करते दिखे। वहीं गर्मी बढ़ने के साथ शीतल पेय पदार्थों की मांग बढ़ने लगी है। लोग फलों के जूस, गन्ना रस, कोल्ड ड्रिंक्स, नींबू पानी पीकर गर्मी से निजात पा रहे हैं। मौसम के तेवर बदलने का असर लोगों के स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है। खासतौर पर बच्चों व बुजुर्गों की तबियत बिगड़ने की शिकायतें मिलने लगी हैं। डाक्टर भी लोगों को धूप से बचने की सलाह दे रहे हैं।
---------------
ऐसे करें बचाव
- धूप में ज्यादा देर तक नहीं रहें।
- चेहरे को ढक कर रखें और आंखों पर चश्मा लगाएं
- धूप से आने के बाद तुरंत ही ठंडा पानी न पीएं
- हल्का और ताजा खाना खाएं
- मौसमी फल तरबूज, खरबूज, ककड़ी, खीरा का सेवन करें।
- खाने के बीच में लंबा गैप न होने दें।
- पानी अधिक मात्रा में पीएं
-------------
इन सबसे रहें दूर
- तले-भुने खाने से परहेज करें
- गर्म फल जैसे चेरी, आड़ू, अमरूद न खाएं
- धूम्रपान कम से कम करें।