एटा। कोरोना संक्रमण काल के दौरान कोविड अस्पताल में बने सीएचसी चुरथरा व सकीट पर बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य उपनिदेशक ने संसाधनों का मॉकड्रिल किया। यहां सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त मिलीं।
सकीट सीएचसी को कोरोना संक्रमण काल के दौरान 30 बेड का कोविड अस्पताल बनाया गया था। मरीजों को ऑक्सीजन देने के लिए 49 कंस्ट्रेटर दिए गए थे। बृहस्पतिवार को मॉकड्रिल के नोडल अधिकारी डिप्टी सीएमओ डॉ. सतीश चंद्र नागर सीएचसी पर पहुंचे। वहीं अलीगढ़ से जेडी स्वास्थ्य डॉ. मनोज झा पहुंचे। ऑक्सीजन कंस्ट्रेटर को नोडल अधिकारी ने चलवाकर देखा। बेड, दवा आदि की उपलब्धता के बारे में जानकारी की। भर्ती प्रसूताओं से खाना आदि के बारे में पूछा। इसके बाद जननी सुरक्षा योजना के बारे में जानकारी ली और एंबुलेंस के कर्मियों के साथ बैठक की।
उन्होंने कर्मियों को समय पर ध्यान देने की बात कही। चुरथरा सीएचसी पर नोडल अधिकारी डॉ. सुधीर मोहन द्वारा मॉकड्रिल कराया गया। ऑक्सीजन प्लांट व कंस्ट्रेटर आदि को चलवाकर देखा। संवाद