एटा। शिकोहाबाद रोड स्थित उद्देतपुर गांव में 108 कुंडली गायत्री महायज्ञ का आयोजन 22 से 25 दिसंबर तक किया जाएगा। पहले दिन कलश यात्रा का आयोजन किया जाएगा। इसको लेकर तैयारियां की जा रहीं हैं।
अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में कार्यक्रम होगा। मीडिया प्रभारी संजय सिंह चौहान तथा जिला समन्वयक बदन सिंह यादव ने बताया कि 22 दिसंबर को कलश यात्रा कैलाश मंदिर से प्रारंभ होकर मेहता पार्क, ठंडी सड़क, होते हुए जीटी रोड पर घूमकर यज्ञ स्थल पर पहुंचेगी। जिसमें 224 कलश तथा 27 ग्रंथ शामिल रहेंगे। कलश यात्रा के बाद प्रवचन होंगे। वहीं 23 से 25 दिसंबर तक सुबह 7 बजे से 9 बजे तक ध्यान व प्रज्ञा, 9 बजे के बाद गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा।
इसके लिए नजदीकी जिलों में हरिद्वार से आया हुआ शक्ति कलश का रथ घूम रहा है, जो लोगों को जागरूक कर रहा है। शांतिकुंज हरिद्वार द्वारा इसका आयोजन कराया जा रहा है। जिसके तहत यह रथ आसपास के जिलों में घूमने के बाद 22 दिसंबर को एटा पहुंचेगा। यहां उसकी स्थापना की जाएगी। 24 दिसंबर को इसमें अभिनेत्री शेफाली पांडे के पहुंचने की संभावना है।