एटा। कसैटी में शुक्रवार को डेंगू से एक और युवती की मौत हो गई। गांव में यह बुखार से 14वीं मौत है। कसैटी के प्रधान शेरसिंह ने बताया कि गांव की एक युवती में 22 अक्तूबर को डेंगू के लक्षण मिले। स्वास्थ्य टीम द्वारा उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां युवती 28 अक्तूबर तक अस्पताल में भर्ती रही। घर पहुंचने पर युवती की हालत फिर बिगड़ गई। परिजन उसे लेकर आगरा के एक हॉस्पिटल ले गए।
वहां उसे पुन: डेंगू की पुष्टि हुई। हालत में सुधार होने पर परिजन उसे बुधवार को घर ले आए। युवती की शुक्रवार को फिर हालत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई। जिला मलेरिया अधिकारी लोकमन सिंह ने बताया कि कसैटी में युवती की मौत की जानकारी नहीं है। मामले की जांच कराकर शनिवार से गांव में स्वास्थ्य टीम को फिर भेजा जाएगा।