एटा। सदर तहसील का गांव कसैटी में इन दिनों बुखार और डेंगू फैला हुआ है। यहां शायद ही ऐसा कोई घर बचा हो, जिसमें बुखार से पीड़ित व्यक्ति न हो। गांव में बीमारी का हाल यह है कि आठ परिवार गांव से दूसरे शहरों में रहने के लिए चले गए हैं। घरों में ताला लटक रहा है। ग्रामीण गांव में महामारी का प्रकोप बता रहे हैं।
ग्राम प्रधान शेर सिंह ने बताया कि गांव में दो सौ से लेकर ढाई सौ व्यक्ति बीमार हैं। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा की जा रही जांच में नौ मरीजों में डेंगू के लक्षण मिले हैं। गांव के आठ परिवार जिनमें, मोहर सिंह, उमेश, जीवाराम, रामविलास, नेक्सू, वीरेंद्र, सोनू, अशोक हैं। इनके घरों में ताला पड़ा है। इनमें से कई लोग गांव से अन्य शहरों में रहने चले गए हैं। कुछ ने बीमारी के डर से बच्चों को रिश्तेदारी में भी भेज दिया है। कई लोगाें का उपचार भी यह लोग बाहर करा रहे हैं।