एसबीआई द्वारा संचालित ग्राहक सेवा केंद्र सरोंठ पर मंगलवार को अवकाश बताकर दूसरे दिन आने की कहने पर खाता धारक और संचालक में मारपीट हो गई। विरोध करने पर कर्मियों को पीटकर घायल कर दिया और गुल्लक में रखे डेढ़ लाख रुपये लूट ले गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। मौके पर पुलिस भी पहुंच गई।
थाना जसरथपुर के गांव सरोंठ में भारतीय स्टेट बैंक द्वारा ग्राहक सेवा केंद्र संचालित है। जिस पर खाते खुलवाने के साथ-साथ लेनदेन का भी कार्य होता है। ग्राहक सेवा केंद्र का संचालक नरेंद्र सिंह कर रहे हैं। बताते हैं कि मंगलवार सुबह करीब 11 बजे खाताधारक सुदेश निवासी खरसैला जैथरा खाते में बैलेंस की जानकारी के लिए केंद्र पर पहुंचा। संचालक ने अवकाश होने की बात कहते हुए बुधवार को आने को कहा। इसी बात को लेकर खाताधारक और संचालक में कहासुनी हो गई। आरोप है कि उस समय तो व्यक्ति केंद्र से चला गया, बाद में करीब 10 लोगों को लेकर आ धमका और केंद्र पर मौजूद कर्मचारी सुरजीत, अंकित, अजेश तथा उसकी पिटाई कर दी, कंप्यूटर तोड़ दिए। बाद में गुल्लक में रखे डेढ़ लाख रुपये लूट ले गए। जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस का कहना है कि मामला केवल मारपीट का है। लूट की बात गलत है। मामले की तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
केंद्रों पर वसूले जाते हैं रुपये
हर गांव में ग्राहक सेवा केंद्र खोले गए हैं, जहां जीरो बैलेंस पर खाते खोले जाते हैं, मगर संचालक 100-200 रुपये तक वसूलते हैं। यह भी बताया जाता है कि इन केंद्रों पर 10 हजार तक का ही लेनदेन खाता धारकों द्वारा किया जा सकता है।