एटा। अखिल भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में 19 सूत्रीय मांगों को लेकर एक ज्ञापन मंगलवार को कलेक्ट्रेट में दिया गया। इसमें दैवीय आपदा के समय किसान की मौत होने पर परिजन को एक करोड़ रुपये देने की मांग भी शामिल रही।
राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिल संघर्षी ने ज्ञापन के माध्यम से कहा कि लगभग एक दशक से अधिक समय से संगठन के प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने किसान महापंचायत, धरना प्रदर्शन, घेराव, अनशन, पैदल यात्रा, ट्रेक जाम आदि कर मांग की जाती रहीं हैं, लेकिन अब तक पूरी नहीं हो पाई हैं। प्रशासन की ओर से आश्वासन मिलता रहा और संगठन संघर्ष करता चला आ रहा है। यह ज्ञापन अंतिम हैं और इसके बाद 2 अक्तूबर को गांधी जयंती पर लखनऊ में प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री से मुलाकात की जाएगी और ज्ञापन भी सौंपा जाएगा।
कहा, प्रमुख मांगों में पश्चिमी उप्र, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा का कुछ हिस्सा लेकर व्रज प्रदेश बनाया जाए, एमएसपी गारंटी कानून बनाकर किसानों को दुग्ध, फल, सब्जी, अनाज आदि फसलों का लाभकारी मूल्य दिलाया जाए। देश के नौजवानों के भविष्य एवं देश की सुरक्षा को दृष्टिगत रखकर अग्निवीर योजना को तत्काल रद्द किया जाए आदि 19 बिंदु शामिल हैं। इस अवसर पर तेज सिंह वर्मा, सुरेंद्र शास्त्री, रामकिशन यादव, राजेश शीतलपुर, रघुवीर सिंह, रुखसाना बेगम आदि मौजूद रहे।