एटा। राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय अलीगढ़ से संबद्ध महाविद्यालयों में स्नातक एवं परास्नातक की विषम सेमेस्टर परीक्षाएं संचालित की जाएंगी। परीक्षा को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक ने मंडलायुक्त, जिलाधिकारी और एसएसपी को पत्र भेजकर स्टेटिक व सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात करने की मांग की है।
जिले में 17 नवंबर से 49 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षाएं शुरू होंगी। इनमें करीब 61399 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षाएं तीन पालियों में आयोजित की जाएंगी। विश्वविद्यालय की ओर से परीक्षा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। वहीं समर्थ पोर्टल के माध्यम से परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। परीक्षाओं की निगरानी के लिए जनता महाविद्यालय परसोंन और जवाहर लाल नेहरू पीजी कॉलेज के प्राचार्यों को नोडल अधिकारी बनाया गया है। दोनों नोडल अधिकारी परीक्षा के दौरान केंद्रों का निरीक्षण करेंगे और व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर संबंधित अधिकारियों को रिपोर्ट भी देंगे।
पिछले साल पांच केंद्रों पर मिली थी नकल, किया डिबार
विश्वविद्यालय की परीक्षाओं में पिछले साल नकल के मामले सामने आए थे। उस दौरान पांच परीक्षा केंद्रों पर नकल कराते हुए पकड़े जाने के बाद उन्हें डिबार कर दिया गया था। इसी को देखते हुए इस बार विश्वविद्यालय प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है। परीक्षा को पारदर्शी बनाने के लिए केंद्रों पर सख्त निगरानी रखने के साथ प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती पर जोर दिया जा रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन का प्रयास है कि परीक्षाएं बिना किसी गड़बड़ी के संपन्न हों।
जिले में स्नातक व परास्नातक की विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं नकल विहीन कराने के लिए मंडलायुक्त से लेकर जिलाधिकारी व एसएसपी को पत्राचार किया गया है, जिससे परीक्षा में सेक्टर व स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए जा सकें। - धीरेंद्र कुमार, परीक्षा नियंत्रक, विश्वविद्यालय