एटा। उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक ने शनिवार को एटा-बरहन खंड के नव विद्युतीकृत लाइन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कई जगहों पर लोगों की समस्याओं को सुना और काम कराने का आश्वासन भी दिया। लोगों ने एटा-कासंगज रेल विस्तार और राजा रामपुर पर अंडरपास की मांग उठाई।
शनिवार को उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक प्रमोद कुमार ने बरहन से एटा तक नवविद्युतीकरण का निरीक्षण किया। इस दौरान बरहन से एटा रेलवे स्टेशन के बीच पड़ने वाले कुशवाह गांव के पास अंडरपास संख्या 35 व हजारा नहर के पास अंडरपास संख्या 163 का निरीक्षण किया। जहां पर कार्य संतोषजनक पाया गया। वहीं राजा रामपुर गांव पर किसानों ने अंडरपास बनाने की मांग की। किसानों का कहना है कि अंडरपास न बनने की वजह से उन्हें खेत में काम करने के लिए लंबी दूरी तक पैदल चलना पड़ता है।
महाप्रबंधक ने किसानों को अंडरपास बनवाने का आश्वासन दिया। इसके बाद वह एटा रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। जहां पर अखिल भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष अखिल संघर्षी ने एटा-कासगंज रेल विस्तार को लेकर ज्ञापन सौंपा। राष्ट्रीय महासचिव तेज सिंह वर्मा, राष्ट्रीय प्रवक्ता अनिल सोलंकी, प्रदेश महासचिव रघुवीर सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश, राजीव सोलंकी, कुलदीप कुमार मौजूद रहे।
इसके बाद महाप्रबंधक ने रेलवे स्टेशन पर टिकट बुकिंग कार्यालय, स्टेशन मास्टर कार्यालय संबंधी कार्यों के बारे जानकारी ली। इस दौरान प्रमुख मुख्य परिचालक प्रबंधक हिटलो कुमार, प्रमुख मुख्य इंजीनियर एसके मिश्रा, मंडल रेल प्रबंधक मोहित चंद्रा मौजूद रहे।