शहर में मार्च निकालते नीमा से जुड़े चिकित्सक।
- फोटो : शहर में मार्च निकालते नीमा से जुड़े चिकित्सक।
एटा। कोलकाता में जूनियर चिकित्सक की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई। विरोध में बुधवार को नीमा संगठन से जुड़े चिकित्सकों ने मार्च निकालकर एडीएम को ज्ञापन दिया। आरोपियों को फांसी की सजा सहित अन्य मांगें भी रखीं।
नीमा के जिलाध्यक्ष डॉ. एनपी सिंह के नेतृत्व में चिकित्सक हाथी गेट पर एकत्रित हुए। वहां से चिकित्सकों के साथ ही रोटरी क्लब व वैश्य एकता परिषद के पदाधिकारियों के साथ पैदल मार्च शुरू हुआ। चिकित्सक हाथों में पट्टिकाएं लेकर चल रहे थे। इन पर न्याय की मांग लिखी थी। मार्च गांधी मार्केट से निकलता हुआ कलेक्ट्रेट पर पहुंचा। यहां डीएम से संबोधित ज्ञापन एडीएम प्रशासन सत्यप्रकाश को दिया।
ज्ञापन में मांग रखी कि चिकित्सक के हत्यारों को जल्द से जल्द फांसी हो। आरोपियों के घरों को ध्वस्त किया जाए। बंगाल सरकार को चेतावनी दी जाए। डॉ. विजेंद्र सिंह वर्मा, डॉ. रामविलास शर्मा, डॉ. आनंद राठौर, डॉ. मनोज गुप्ता, डॉ. मनोज भारद्वाज, वैश्य एकता परिषद के जिला महामंत्री राजेश गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
मेडिकल छात्र-छात्राओं ने निकाला कैंडल मार्च
एटा। जिला मुख्यालय पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय चौक से लेकर मेडिकल कॉलेज की ओपीडी तक छात्र-छात्राओं ने कैंडल मार्च निकाला। कोलकाता में डॉक्टर की हत्या के मामले में न्याय की मांग करते हुए आरोपियों को तत्काल फांसी दिए जाने की आवाज उठाई। छात्र-छात्राओं ने कहा किस प्रकार से एक महिला मुख्यमंत्री के राज्य में जिस प्रकार से महिला डॉक्टर के साथ हैवानियत की गई है, उसकी हमको निंदा करते हैं और न्याय की मांग करते हैं। संवाद