मारहरा ब्लॉक क्षेत्र में सिरसा बदन उप स्वास्थ्य केंद्र में झाड़ियां और खंडहर भवन। संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। ब्लॉक मारहरा में मौजूद कई उप स्वास्थ्य केंद्र खंडहर में तब्दील हो गए हैं। यहां प्रसव व टीकाकरण मिलने की बात तो दूर कर्मचारी तक नहीं आते हैं। चहारदीवारी के अंदर बड़ी-बड़ी झाड़ियां खड़ीं हैं। ब्लॉक क्षेत्र में स्थित उप स्वास्थ्य केंद्रों की बुधवार को अमर उजाला टीम ने पड़ताल की तो स्वास्थ्य विभाग के दावों की पोल खुलती नजर आई। क्षेत्र में उप स्वास्थ्य केंद्र सिरसा बदन के परिसर में चारों ओर घनी झाड़ियां खड़ी हैं और भवन खंडहर हो चुका है।
इसके खिड़की-दरवाजे भी गायब हैं। यहां पर कोई भी स्वास्थ्य कर्मी लंबे समय से नहीं जा रहा है। वहीं उप स्वास्थ्य केंद्र महमूदपुर नगरिया, त्रिलोकपुर, पिदौरा, हयातपुर माफी पर भी स्वास्थ्य कर्मी मौजूद नहीं मिले। ग्रामीणों से पूछताछ में पता चला कि केंद्रों पर कर्मचारी नहीं आते हैं। इसकी वजह से ग्रामीणों को कोई स्वास्थ्य सेवाएं नहीं मिलती हैं।
उप स्वास्थ्य केंद्रों पर तैनाती का प्रावधान
उप स्वास्थ्य केंद्र पर जीएनएम, एएनएम या स्टाफ नर्स की तैनाती का प्रावधान है, जो ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराती हैं। उन्हें प्रसव, टीकाकरण और स्वास्थ्य शिविर लगाकर उपचार करने की जिम्मेदारी दी गई है।