मैनपुरी बैंक शाखा के कर्मचारी पर दर्ज कराई रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
एटा। कोतवाली नगर में उप्र ग्रामीण बैंक स्टाफ एवं आर्यावर्त बैंक स्टाफ एसोसिएशन केंद्रीय यूनिट के अध्यक्ष और शाखा प्रबंधक उमेश यादव को हत्या की धमकी दी गई। उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि शहर में ही आगरा रोड पर रोककर धमकी दी गई।
शहर के मोहल्ला द्वारिकापुरी निवासी उमेश यादव ने कुंवरपाल सिंह निवासी बनगांव के खिलाफ रिपोर्ट लिखाई है। आरोप है कि एक जून की रात करीब 8 बजे आर्यावर्त बैंक सिटी शाखा को बंद कर घर लौट रहे थे। तभी आगरा रोड स्थित रश्मिलोक तिराहा पर कुंवरपाल एक अन्य व्यक्ति के साथ बाइक पर आया और जबरन मुझे रोक लिया। इसके बाद गालीगलौज कर हत्या करने की धमकी दी।
बताया कि कुंवरपाल आर्यावर्त सिटी शाखा मैनपुरी में कार्यालय सहायक के पद पर तैनात है। इसने केंद्रीय अध्यक्ष होने के नाते अपने स्थानांतरण का आवेदन दिया था। जिसको केंद्रीय कार्यालय भेज दिया गया। लेकिन बैंक पॉलिसी के तहत स्थानांतरण नहीं हो सका। इसी बात को लेकर खफा था और अब हत्या करने की धमकी दी है। प्रभारी थानाध्यक्ष धर्मवीर सिंह ने बताया कि बैंक अधिकारी की तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।