मिरहची में बुधवार की दोपहर गांव बढारी वैश्य के पास सड़क पार कर रही अंशिका (8) रोडवेज बस की चपेट में आ गई। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद एकत्रित हुए ग्रामीणों ने एटा-कासगंज मार्ग पर जाम लगा दिया। लगभग एक घंटे बाद पुलिस ने समझा-बुझाकर जाम खुलवा दिया।
जिला कासगंज के गांव नगला रम्पुरिया निवासी हरीसिंह ने थाना मिरहची के गांव बढारी वैश्य में पट्टे पर खेत लिया है। बताते हैं कि बुधवार को हरी सिंह की बेटी अंशिका वहां आई थी। दोपहर लगभग दो बजे वह गांव जाने के लिए सड़क पार कर रही थी, तभी एटा की ओर से आ रही रोडवेज बस की चपेट में आ गई। बताते हैं कि बालिका लगभग 10 मीटर तक बस के साथ घिसटती हुई चली गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद चालक बस को भगा ले गया।
घटना के बाद एकत्रित हुए ग्रामीणों ने एटा-कासगंज मार्ग को जाम कर दिया। इस बीच सीमा विवाद के चलते कासगंज व मिरहची पुलिस कार्रवाई करने से बचती रही। इससे ग्रामीणों का आक्रोश और बढ़ गया। बाद में नदरई चौकी के एसआई ने जानकारी दी कि कासगंज पुलिस ने बस व चालक दोनों को पकड़ लिया है, वहीं मिरहची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा, तब कहीं जाकर लोगों का आक्रोश शांत हुआ और जाम को खोला।