एटा। सोमवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में एक अधेड़ की मौत हो गई। गांव के ही किसी व्यक्ति ने कंट्रोल रूम पर हत्या करने की खबर दे दी। पुलिस ने शव घर से बरामद कर पोस्टमार्टम कराया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस कार्रवाई करने की बात कह रही है।
थाना निधौलीकलां क्षेत्र के गांव जमालपुर गादुरी निवासी गिर्राज सिंह (48) लक्ष्मण सिंह की सोमवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अधेड़ की मौत के बाद चीख पुकार मची तो ग्रामीण एकत्रित हो गए। मृतक की नाक से खून आता देखकर लोगों में काना-फूंसी शुरू हो गई। तभी गांव के ही किसी व्यक्ति ने कंट्रोल रूम पर सूचना दी कि उनकी हत्या परिजनों ने ही कर दी है।
हत्या की सूचना मिलने के बाद गांव में पुलिस पहुंच गई और परिजनों से पूछताछ के बाद शव को कब्जे में ले लिया। उप निरीक्षक पुलकित शर्मा ने बताया है कि सूचना के आधार पर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया है। परिजनों का कहना है कि उनका 21 दिनों से निर्जला वृत चल रहा था। सोमवार की रात ही भोजन किया। इसके बाद तबियत खराब हो गई और चिकित्सक के पास ले गए तो मृत घोषित कर दिया। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। उसी के आधार पर कार्रवाई करने की बात कही जा रही है।