बेवर। बाइक और सोने की चेन की मांग पूरी न होने पर ससुरालीजन ने विवाहिता को जान से मारने की कोशिश की, लाठी-डंडों से पीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बेवर क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता की तहरीर पर महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
थाना बेवर क्षेत्र के गांव परौंखा निवासी रुचि ने बताया कि वर्ष 2024 में उनकी शादी रंजीत कुमार निवासी जैतपुर थाना बरनाहल के साथ हुई है। शादी के कुछ समय बाद ही ससुरालीजन बाइक, सोने की चेन आदि की मांग करने लगे। मांग पूरा किए जाने को लेकर दबाव बनाया जाने लगा। आए दिन उन्हें मारा पीटा जाता। पंचायत भी हुई, मगर ससुरालीजन बाज नहीं आए।
25 अप्रैल को पति रंजीत, ससुर मुकेश, सास सत्यवती, जेठ अजय कुमार और ननद लक्ष्मी ने उन पर जानलेवा हमला किया, उन्हें लाठी-डंडों से पीटा गया। आसपास के लोगों ने आकर उन्हें बचाया। पुलिस ने उन्हें पीजीआई सैफई भेजा। इसके बाद ससुरालीजन ने उन्हें घर में नहीं घुसने दिया। तभी से मायके में रह रही हैंं। महिला थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।