एटा। सकीट थाना क्षेत्र के चांदपुर लोकसपुर में गांव के बाहर बृहस्पतिवार सुबह एक किशोर का शव पेड़ पर कमीज के फंदे से लटका हुआ मिला। पिता ने हत्या का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर पुलिस, फॉरेंसिक और डॉग स्क्वैड टीम ने घटना स्थल पर पहुंचकर सबूत जुटाए।
गांव निवासी नेकसे लाल ने बताया कि उनका पुत्र सत्यवीर (17) बुधवार शाम को घर से चला गया था। उसके बाद नहीं लौटा। हमें लगा कि वह किसी दोस्त के घर सो रहा होगा। सुबह गांव के लोग जब शौच क्रिया के लिए बाहर निकले तो खेतों की तरफ नीम के पेड़ पर सत्यवीर का शव लटका हुआ नजर आया। जानकारी मिलते ही हम लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
नेकसे लाल ने बताया कि बुधवार की शाम को गांव में मंडप की दावत थी। सत्यवीर दावत खाने के बाद वहां लगे डीजे पर नाच रहा था। हम कई बार उसको बुलाने गए, मगर उसके एक दोस्त ने हर बार लौटा दिया। हमें आशंका है कि उसी युवक ने बेटे की हत्या की है और आत्महत्या दिखाने के उद्देश्य से पेड़ पर लटका दिया है। सीओ सकीट कृष्ण मुरारी दोहरे ने बताया कि किशोर का शव पेड़ पर कमीज के फंदे से लटक रहा था। उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पता चल सकेगा। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।