उत्तर प्रदेश के एटा में जलेसर कोतवाली क्षेत्र के गांव सालवाहनपुर में 65 वर्षीय वृद्धा का शव रविवार को घर की चौखट से फंदे पर लटका मिला। मृतका के भाई ने पति व सौतेले पुत्र पर हत्या कर शव को लटकाने का आरोप लगाया है।
विज्ञापन
रविवार सुबह करीब 6 बजे क्षेत्र के गांव सालवाहनपुर में अमर सिंह की पत्नी राजवती का शव कमरे की चौखट पर लटका मिला। खबर सुनकर उसके भाई नरेंद्र निवासी गांव लखनई थाना रजावली जिला फिरोजाबाद व अन्य परिजन गांव पहुंच गए। इसके बाद कोतवाली जलेसर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को चौखट से उतारा।
वहीं घटना संदिग्ध प्रतीत होने पर डॉग स्क्वायड टीम को बुलाया। मृतका के भाई नरेंद्र ने बताया कि राजवती व जीजा अमर सिंह की कोई औलाद नहीं थी। अमर सिंह ने काफी समय पूर्व दूसरी शादी कर ली थी। इससे एक पुत्र का जन्म हुआ। अमर सिंह व उसकी दूसरी पत्नी के पुत्र जितेंद्र ने मिलकर राजवती की हत्या की है।
विज्ञापन
वहीं अमर सिंह का कहना है कि राजवती काफी समय से बीमार चल रहीं थीं। जिसका इलाज जलेसर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से करा रहे थे। 27 मार्च को मैं खुद राजवती को सीएससी जलेसर से दवा दिलाकर लाया था। पता नहीं किस बात के चलते उसने आत्महत्या कर ली।
परिजन द्वारा कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। मृतका का भाई अपने जीजा व उसके पुत्र पर हत्या का आरोप लगा रहा है। पोस्टमार्टम के बाद ही हत्या या आत्महत्या की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। -कृष्ण मुरारी दोहरे, सीओ-जलेसर