जलेसर, एटा। बड़े मियां दरगाह समिति के सदस्यों ने मोहल्ला सादात में बरातघर की जमीन पर भी कब्जा कर लिया था। बृहस्पतिवार को तहसील व पालिका प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए इस पर बुलडोजर चला कब्जा मुक्त कराया।
मोहल्ला सादात में नगर पालिका के बरात घर के लिए प्रस्तावित भूमि पर कब्जे की शिकायत भाजयुमो के पूर्व जिलाध्यक्ष सतेंद्र सिंह जादौन ने एसडीएम अलंकार अग्निहोत्री से की थी। बताया कि भूमाफिया अदनान, सादान, हैदर अली, अजमी, सोहेल, सरवर, अजमी, आदिल आदि ने मोहल्ले में खाली पड़ी सरकारी जमीन पर बाउंड्रीवाल कराकर कब्जा कर लिया है। इसकी प्लॉटिंग कर बेच रहे हैं। प्रार्थनापत्र में गाटा संख्या 4316 और 4317 की जमीन का उल्लेख किया गया। मांग की गई कि अवैध कब्जा हटवाकर इस सरकारी जमीन पर गरीबों के लिए बरातघर बनवाया जाए। इस पर एसडीम ने राजस्व व पालिका की संयुक्त टीम गठित कर जमीन की पैमाइश कराई। बृहस्पतिवार को जमीन पर बुलडोजर चलवाकर कर करीब दो बीघा जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया।
नगर के मोहल्ला हथौड़ा निवासी सतेंद्र सिंह जादौन ने बताया कि बारातघर के लिए प्रस्तावित भूमि पर मोहल्ला सादात के अदनान व हैदर अली, अजमी, सरवर, सोहेल, सादान आदि लोगों को अवैध कब्जे से रोका गया तो झगड़ा हो गया था। जिसमें उन्होंने इन लोगों पर कोतवाली जलेसर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसी महीने बरातघर का निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।