एटा महोत्सव पांडाल में हरियाणवीं गानों की प्रस्तुति देती रेणुका पवार
- फोटो : एटा महोत्सव पांडाल में हरियाणवीं गानों की प्रस्तुति देती रेणुका पवार
एटा। राजकीय जिला कृषि एवं औद्योगिक विकास प्रदर्शनी एटा महोत्सव में रविवार रात हरियाणवी म्यूजिकल नाइट विद रेणुका पवार अमन जाजी प्रस्तुति देने पहुंचे। हरियाणवी धुनों और धमाकेदार बीट्स पर लोगों ने जमकर ठुमके लगाए। रेणुका पवार ने ऐसा माहौल बनाया कि लोग अपनी जगह पर खड़े होकर झूमने लगे। 52 गज, जाऊंगी पानी लेन, घूम घांगरो, बीपी हाई, डीजे पे नाचुंगी, गुलाबी लहगे, नई बहू, मत छेड़ बलम आदि हरियाणवी गाने पेश किए।
गायिका रेणुका मंच पर आईं तो युवाओं ने मोबाइल की फ्लैश लाइट से उनका स्वागत किया। इसके बाद रेणुका ने हरियाणवी गीत 52 गज का दामन पहन से लेकर पंजाबी गाने हो गई तेरी बल्ले-बल्ले गाकर धमाल मचाया। रेणुका के बाद अमन जाजी ने अपने हिट गानों ओवर कोन्फिडेट, विलन रहन दे, भाई तेरा गुंडा से, फोरचूनर, बंदूक, चांदी के सितारे गानों के साथ डांस कर लोगों को लुभाया।
गायकों को देखने के लिए भारी तादाद में भीड़ जमा हो गई। लोग इनकी एक झलक पाने को इधर-उधर दौड़ते दिखे। किसी प्रकार का हंगामा न हो इसको लेकर पुलिस भी पंडाल के चारों ओर भ्रमण करती दिखी। लोगों का धन्यवाद कर रेणुका और अमन ने लोगों का शुक्रिया अदा किया। कहा कि आप लोगों ने जो रील अपने मोबाइलों में बनाई है, उसको अपने इंस्टाग्राम पर शेयर करेंगे तो मैं भी उसे लाइक और शेयर करूंगी।