एटा। सरकार के निर्देशों और हिदायतों के बाद भी लोक निर्माण विभाग का सड़कों का गड्ढा मुक्ति अभियान ‘गड्ढे’ में ही है। विभाग की हीलाहवाली देखकर सरकार ने विभाग को चौकन्ना करने के लिए निगरानी एप फॉर सिटीजन तैयार किया है। एप पर आम लोग अपने क्षेत्र की सड़कों के गड्ढों की फोटो खींचकर डाल सकेंगे। एक सप्ताह में गड्ढों को दुरुस्त किया जाएगा।
मौजूदा प्रदेश सरकार ने अपने कार्यकाल की शुरुआत में ही लोक निर्माण विभाग की सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के निर्देश दिए थे। सरकार को तीन साल पूरे हो रहे हैं। फिर भी जनपद में शायद ही कोई ऐसी सड़क हो जिस पर गड्ढे न हों। बरसात के बाद तो कई सड़के गड्ढों के कारण ही जानी जाती हैं। इन मार्गों पर वाहन से तो क्या पैदल चलना भी दूभर है।
सरकार ने नई पहल शुरू करते हुए समस्या समाधान के लिए विभाग व जनता को सीधे जोड़ने का प्रयास किया है। निगरानी एप फॉर सिटीजन के नाम से एक एप तैयार किया है। इस पर कोई व्यक्ति गड्ढे की फोटो खींचकर उस पर अपलोड कर सकता है। इसके बाद विभाग अपने दायित्व से मुकर नहीं पाएगा। विभाग फोटो अपलोड के एक सप्ताह में सड़क के गड्ढे ठीक कराएगा।
यह सड़कें हैं खराब:-
ठंडी सड़क, मेहता पार्क रोड, रेलवे रोड, कैलाश गंज रोड, निधौली रोड, पटियाली रोड, पीपल अड्डा, मारहरा गेट, दिल्ली-कानपुर जीटी रोड।
सरकार द्वारा विभाग के लिए बनाया गया एप अच्छा है। इस एप पर कोई भी व्यक्ति गड्ढे की फोटो अपलोड कर सकता है। वहीं सड़कों के गड्ढों के बारे में भी जानकारी हो सकेगी।
सुतीश कुमार, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी।