कस्बा के मोहल्ला रामबाबू में डॉ. रामबाबू कुशवाह का क्लीनिक और मेडिकल स्टोर है। क्लीनिक के सामने ही दिनेश यादव निवासी काजी बदनपुर का मकान है। गली में वाहन खड़े करने की वजह से अक्सर दिनेश का रामबाबू से झगड़ा होता रहता है। रविवार को भी बाइक खड़ी करने की बात पर दिनेश ने गाली-गलौज की और पीटने का प्रयास किया। यह देखकर मेडिकल पर काम करने वाला युवक अनिल कुमार जाटव निवासी राजा का रामपुर ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया। दिनेश ने तमंचा निकालकर गोली मारने की धमकी दी। आसपास के लोगों के समझाने पर दिनेश चला गया।
अनिल के भाई राजकुमार ने पुलिस को दी शिकायत में लिखा है कि दिनेश चाहता है, दलित युवक मेडिकल न चलाए। इसी बात से नाराज होकर सोमवार को भी दिनेश ने सुबह लगभग 11 बजे गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। जब अनिल ने विरोध किया तो घर से तमंचा निकालकर जान से मारने की नीयत से सीधा फायर कर दिया। गोली अनिल के पेट में लगी और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। गंभीर हालत में डॉ. रामबाबू उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलेसर पहुंचे। यहां से हालत नाजुक देखते हुए आगरा रेफर कर दिया गया।