एटा जिले के जलेसर के गांव मुढ़ई प्रहलाद नगर में दो बच्चों की मां ने पति के शक करने की आदत से आहत होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। महिला के परिजनों ने पति पर आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बताया गया है कि जलेसर के गांव मुढई निवासी एक महिला के जेवरात कुछ दिन पहले चोरी हो गए थे। जिसे लेकर उसका पति अपने चचेरे भाई पर शक करता था। साथ ही पत्नी पर आरोप लगाता था कि उसके चचेरे भाई से अवैध संबंध हैं। इसको लेकर कई दिनों से वह घर में क्लेश कर रहा था।
सोमवार को पति के आरोपों से आहत और क्लेश से परेशान होकर महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बच्चों ने जब अपनी मां को फांसी के फंदे पर झूलता देखा तो चीखना-चिल्लाना शुरू कर दिया। इसके बाद वहां पड़ोस के काफी लोग एकत्रित हो गए।
सांकेतिक चित्र
- फोटो : आत्महत्या
मौके पर पहुंचे महिला के पति ने कमरे का गेट तोड़कर महिला को बाहर निकाला। जानकारी पर महिला के परिजन भी पहुंच गए। काफी देर के हो-हंगामे के बाद परिवार और गांव के बुजुर्गों ने महिला के परिजनों को शांत कराया। महिला के परिजनों ने उसके पति पर आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का आरोप लगाया है। घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया।