एक किशोरी से एक तरफा प्यार का इजहार करने पर विश्वनाथ की हत्या की गई थी। प्रेमिका की शिकायत पर उसके प्रेमी ने साथियों संग मिलकर विश्वनाथ को गला दबाकर मार दिया और शव जंगल में फेंक दिया। चार दिन पूर्व बागवाला के गांव मनुपुर में हुई युवक की हत्या का पुलिस ने गुरुवार को खुलासा कर दिया।
सीओ सिटी एमपी सिलोनिया ने बताया कि गांव मनुपुर निवासी विश्वनाथ की हत्या में शामिल तीन आरोपी शिवम, ललित निवासी मनुपुर थाना बागवाला, विवेक उर्फ जौहरी निवासी सिमराऊ थाना जलेसर को गुरुवार सुबह पवांस नहर से पुलिस ने पकड़ लिया है। बताया कि गांव की ही एक किशोरी से शिवम का प्रेम प्रसंग चल रहा था। उसी लड़की को विश्वनाथ इकतरफा प्यार करता था। जिससे उसने इजहार भी किया, लेकिन किशोरी ने मना कर दिया। सीओ ने बताया कि कुछ दिन पूर्व एक शादी के दौरान विश्वनाथ ने किशोरी से छेड़खानी कर दबाव बनाया तो किशोरी ने अपने प्रेमी से इसकी शिकायत की थी। पुलिस का कहना है कि इसी के बाद शिवम ने विश्वनाथ की हत्या की योजना बनाई। योजना में दोस्त ललित रिश्ते में चाचा लगने वाले विवेक को साथ लिया। 12 मार्च की शाम को ललित घर से विश्वनाथ को शराब पिलाने के बहाने लेकर आया और नशे में धुत होने पर तीनों ने मिलकर उसका गला घोंट दिया और शव जंगल में फेंक दिया। रिपोर्ट भूप सिंह ने अज्ञात लोगों पर दर्ज कराई थी।
सीओ सिटी ने बताया कि शिवम इंटर का छात्र है और गुरुवार को उसका पेपर भी था। बताया कि विश्वनाथ की हत्या करने के बाद अब उसे अपनी करतूत पर अफसोस है। उसने बताया कि गुस्से में आकर उसने घटना को अंजाम दिया।