बढ़ई टोला में युवती की हत्या के आरोपी को पुलिस ने भेजा जेल।
- फोटो : अमर उजाला
पनियरा। थाना क्षेत्र के ग्राम सभा रामपुर के टोला बढ़ई में मंगलवार की सुबह चाकू घोंप कर छात्रा की हत्या के मामले गिरफ्तार ऋषिकेश निषाद को पुलिस ने जेल भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि अभियुक्त ऋषिकेश निषाद युवती से एकतरफा प्रेम करता था।
होली के दिन उसने प्रेमिका को फोन पर बात करनी चाही मगर युवती ने फोन नहीं उठाया। कुछ देर बाद उसने फिर फोन किया तो युवती ने फोन रिसीव कर लिया था। ऋषिकेश निषाद ने उससे शादी का प्रस्ताव रखा तो फोन पर ही युवती ने शादी करने से मना कर दिया था। इससे ऋषिकेश ने अपना आपा खो दिया और अपने दो साथियों के साथ बाइक से युवती के घर पहुंचा। उस समय युवती दरवाजे पर बर्तन साफ रही थी।
ऋषिकेश ने उसके ऊपर चाकू से कई वार कर दिया। चीख-पुकार सुनकर युवती को बचाने आई उसकी मां पर भी चाकू से हमला कर गंभीर रुप से घायल कर दिया था। युवती की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि युवती की मां का इलाज गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। उसकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।
पनियरा पुलिस ने युवती के बाबा की तहरीर पर ऋषिकेश और उसके दो साथियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया था। थानाध्यक्ष श्रीधर पाठक ने बताया कि गिरफ्तार युवक को जेल भेज दिया गया है और उसके दो साथियों की तलाशी जारी है। जल्द ही उनको भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।