निधौली थाना क्षेत्र के नगला केसरी में छोटे खां के मकान में गुरुवार शाम छह बजे आग लग गई। जब तक ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया चांदनी (5 वर्ष) और रोशनी (15 दिन) की जलकर मौत हो चुकी थी। आग में घर में रखा सामान जलने के साथ दो बकरी मर गई और दो भैंस झुलस गईं। एसडीएम जलेसर समेत आला अधिकारी मौके पर पहुंचे।
नगला केसरी निवासी छोटे खां भट्ठे पर मजदूरी करने गए थे और उसकी पत्नी नूरबानो अपनी दोनों बेटियों चांदनी और रोशनी को घर पर छोड़कर खेत पर चारा लेने चली गई थी। इसी बीच घर में किसी तरह आग लग गई। घर से आग की लपटें उठती देख ग्रामीणों ने नूरबानो को सूचना दी और आग पर काबू पाया तब जक नूरबानों की दोनों बेटियाें की जलकर मौत हो चुकी थी।
ग्रामीणों ने बताया कि आग की लपटें इतनी तेज थीं कि इन पर काबू पाने में लोगों के हाल बेहाल हो गए। आग से घर में रखा सामान जलकर राख हो गया। छप्पर में बंधीं दो बकरियां जल कर गईं और दो भैंस झुलस गईं। सूचना पर एसडीएम जलेसर मोहम्मद अवेश और पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे।
डीएम अमित किशोर ने बताया कि आग लगने के वक्त बच्चियों के मां-बाप घर में नहीं थे। आग लगने के कारण का पता नहीं चल सका है। यह घटना बेहद दुखद है, मैं खुद नगला केसरी जाकर पीड़ित परिवार से मिलूंगा। नियमानुसार पीड़ित परिवार को शासन से मुआवजा दिलाया जाएगा।