भगवान महावीर स्वामी की जयंती पर मंगलवार को पुरानी बस्ती स्थित बड़ा जैन मंदिर से रथयात्रा निकाली गई। प्रभु रथ पर हुए सवार नगाड़ा बाज रहा, जीवन है पानी की बूंद कब मिट जाए रे, होनी अनहोनी कब घट जाए रे...आदि भजनों की धुन पर श्रद्धालु थिरक रहे थे। भगवान महावीर के जन्म महोत्सव का उल्लास हर तरफ दिखाई दिया। तीन दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ विधान परिषद के सभापति रमेश बाबू यादव ने फीता काट कर और पूजा-अर्चना के बाद ध्वजारोहण करके किया।
घंटाघर स्थित जैन मेला पंडाल पर तीन दिवसीय भगवान महावीर जयंती महोत्सव मंगलवार को शुरू हुआ। महोत्सव का शुभारंभ विधान परिषद सभापति रमेश यादव ने फीता काटकर और ध्वजारोहण कर किया। महोत्सव में दिगंबर जैन वीर मंडल ने मुख्य अतिथि का सम्मान किया। दोपहर को पुरानी बस्ती स्थित बड़े जैन मंदिर से भगवान महावीर की रथयात्रा धूमधाम से निकाली गई। रथयात्रा बड़ा जैन मंदिर से शुरू होकर पुलिया गर्वी, लोकमनदास तिराहा, होली मुहल्ला, रेवाड़ी मुहल्ला, वली मोहम्मद चौराहा, महावीर पार्क, घंटाघर, बजरिया, सुभाष मूर्ति, हाथी गेट, जीटी रोड, गोदाम चौकी होती हुई घंटाघर स्थित जैन मेला पंडाल पर संपन्न हुई। रथयात्रा में शामिल श्रावक और श्राविकाएं धार्मिक भजनों पर थिरकते और झूमते दिखाई दिए। भगवान महावीर के रथ पर खवासी तरुण जैन, रोकड़िया भोले जैन, सारथी मनोज जैन, अक्षरत जैन, राजेश जैन, धर्मचंद्र जैन, विनोद जैन इंद्र के रूप में भगवान की सेवा कर रहे थे। मां जिनवाणी के रथ पर खवासी बनने का सौभाग्य राजेश जैन, अत्तार सारथी पवन जैन और इंद्र मणिकांत जैन, नरेंद्र जैन बने। जैन मेला पांडाल में भगवान महावीर का भव्य जन्म अभिषेक हुआ। शाम को 2615 दीपक से भगवान महावीर की भव्य आरती की गई। रात में समाज के मेधावी बच्चों और वृद्धजनों का सम्मान किया गया। साथ ही एक अक्षर का कमाल प्रतियोगिता कराई गई।
इस मौके पर सुरेश चंद्र जैन, विमल जैन, सुनील बांदा, सुधीर जैन, प्रमोद कुमार जैन, हितेश जैन, राजेंद्र जैन, कैलाश जैन, राजवीर जैन, संजय जैन, शैलेंद्र जैन, अनिल जैन, राजकुमारी, राखी, मेघा, ऊषा, विनीता, ममता, कविता जैन मुख्य रुप से उपस्थित थीं।
जैन मेला पांडाल में बुधवार को सुबह भगवान महावीर का अभिषेक पूजन होगा। इसके बाद 10 बजे जैन जनकल्याण समिति का द्वितीय वार्षिक अधिवेशन होगा। दोपहर में भगवान महावीर की मां त्रिशला को बधाई गीत और पालना झुलाना कार्यक्त्रस्म होगा। जबकि रात में प्रज्ञा एंड पार्टी जबलपुर द्वारा नाट्य मंचन होगा। जैन महिला संगठन की अध्यक्षा बबिता जैन ने सभी कार्यक्रमों में भाग लेने की अपील की है।