मोहल्ला कटरा मठ में बदमाशों ने बुधवार रात हथियारों के बल पर परिवारीजनों को डरा धमका ढाई लाख के आभूषण व 46000 रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। मामले की तहरीर पुलिस को दे दी गई है।
वीनेश पुत्र भगवान स्वरूप के घर में चंद्र कली पत्नी रामबाबू अपने बेटों के साथ सो रहे थे। उनके यहां नरेश भी मकान में किराए रहते हैं, वह भी अपने कमरे में सो रहे थे। खेतों की ओर से मकान की दीवार पर सीढ़ी लगाकर तमंचे, चाकुओं व डंडों लेकर एक दर्जन बदमाश बुधवार रात दो बजे घर में घुस आए। बदमाशों ने बरामदे में सो रही वृद्धा चंद्रकली व उसके नाती राजा की गर्दन पर चाकू रख दिया। बदमाशों ने डंडों व तमंचों की बटों से परिवारीजनों की मारपीट कर भयभीत कर दिया। इसके बाद बक्से व अलमारियों के लॉक तोड़ दिए। चंद्रकली के पुत्र सूरज व उसकी पत्नी मधु, रामू व उसकी पत्नी प्रभा के कमरों में अलमारी में रखी 11 हजार की नगदी व लगभग दो लाख रुपये के सोने व चांदी के आभूषण व कपड़े बदमाशों ने लूट लिए। किराएदार नरेश पुत्र दीनदयाल के कमरे में भी घुसकर बदमाशों ने उनके बक्से में रखी 35 हजार की नकदी लूट ली। वारदात के बाद बदमाश खेतों में होते हुए होडलपुर की तरफ फरार हो गए। बताया गया कि सभी बदमाश मुंह ढके हुए थे।
पुलिस को फोन करने पर मारी तमंचे की बट
मोहल्ला कटरा के मकान में बदमाशों के लूटपाट के दौरान परिवार के सदस्य रामू ने मौका पाते ही यूपी डायल 100 को फोन कर दिया। जिसकी आवाज एक बदमाश ने सुन लिया। बदमाश ने रामू को तमंचे की बट से मारपीट कर दी।
छोड़ गए सीढ़ी, बाग में मिले कपड़े
लूट करने के लिए मकान के सहारे जिस सीढ़ी को लगाकर बदमाश चढ़े थे उसे वहीं लगा छोड़ गए। जबकि कुछ कपड़े और पर्स खाली कर मकान से लगभग एक किलोमीटर दूर बाग में मिल गए।