गांव विजयपुर के पास बुधवार सुबह निचली गंग नहर में एक युवक-युवती के शव बरामद हुए हैं। दोनों के हाथ बंधे हुए थे और पहचान छिपाने के लिए चेहरों को कुचल दिया गया था। युवती के चेहरे पर तेजाब भी डाला गया था। शवों को ईंटों से भरी एक बोरी से बांधकर गंगनहर में फेंका गया था, ताकि वह ऊपर न आए। पुलिस शवों की शनाख्त कराने का प्रयास कर रही है और इनकी हत्या को ऑनर किलिंग मानकर चल रही है।
बताया जा रहा है कि दो दिन पहले किसी ने नहर काट दी थी, पानी कम होने पर बुधवार सुबह शव दिखाई दिए। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर सीओ, थानाध्यक्ष फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों शव नहर से निकलवा कर शनाख्त कराने की कोशिश की, लेकिन किसी ने शनाख्त नहीं की।
पुलिस ने बताया कि दोनों के चेहरों को ईट से कुचला गया था। ंपुलिस ने बताया कि युवक की उम्र करीब24 साल तथा युवती की उम्र करीब 20 साल है। युवक नीले रंग की जींस व नीले रंग की बनियान पहने हुए था तो युवती सफेद रंग का कुर्ता, नीले रंग की सलवार पहने हुई थी। पुलिस का मानना है कि दोनों शव दो या तीन पहले गंगनहर में फेंके गए हैं। ईंटे कायमगंज अलीगंज बार्डर पर स्थित एक भट्टे की हैं। पुलिस इसके आधार पर सुराग तलाशने की कोशिश कर रही है।
प्रेम-प्रसंग में हत्या होना प्रतीत हो रहा र्है। इंट से नाक पर प्रहार कर हत्या की गई है और साथ ही चेहरा भी तेजाब से झुलसा लग रहा है। दोनों के शव ईट से भरी बोरी से बांधकर फेंके गए है। युवती के हाथ चुनरी से और युवक के हाथ रस्सी से बंधे थे। पड़ोसी जिलों से जानकारी जुटाई जा रही है।
परशुराम सिंह, सीओ अलीगंज।
ईंटों से हत्यारों तक पहुंचने की कोशिश
एटा। सीओ अलीगंज ने बताया कि र्जो इंटें मिले वह अलीगंज- कायमगंज बॉर्डर स्थित गांव सिमौर के पास रमन ईट भट्ठे की है। जिससे पूछताछ के बाद शायद कुछ सुराग पुलिस के हाथ लगने की संभावना है। वही पड़ोसी जिलों से प्रेम-प्रसंग, अपहरण और लापता युवक और युवती की जानकारी मांगी गई है।
पानी कम होने के चलते ग्रामीणों को मिले शव
एटा। ग्रामीणों ने बताया कि दो दिन पहले ही नहर काट दी गई थी, जिसके चलते नहर में काफी पानी कम हो गया है। पानी कम होने के चलते दोनों के शव बरामद हुए है। इससे पहले नहर का पानी काफी ज्यादा था। ग्रामीणों की माने तो दोनो शव निचली गंगनहर में बहकर आए हैं।
पहले भी हो चुकी ऑनरकिलिंग की घटना
एटा। बता दे कि कुछ साल पहले राजा का रामपुर क्षेत्र में ऑनरकिलिंग की घटना हो चुकी है। राजा का रामपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में प्रेमी-जोड़े को हत्या कर दी गई थी जिसके बाद दो गांव में तनाव की स्थिति बन गई थी।