घटना गत एक जून की है। पीड़ित किशोरी कक्षा 11 की छात्रा है और थाना नयागांव के एक गांव की रहने वाली है। घटना के दिन वह घर से स्कूल की फीस जमा करने जा रही थी, रास्ते में थाना अलीगंज क्षेत्र में चार आरोपी उसे आतंकित कर बाइक पर बैठाकर ले गए थे। आरोपी किशोरी को उसकी आंखों पर पट्टी बांधकर कायमगंज रोड स्थित एक बंद पड़े गोदाम में ले गए और यहां किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। जिस गोदाम में घटना की गई वह बसपा के एमएलसी चंद्रप्रताप सिंह का है।
किशोरी के पिता ने चार अज्ञात युवकों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, नकदी और किशोरी द्वारा पहने जेवर लूटने का मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया। लेकिन अभी मेडिकल परीक्षण रिपोर्ट नहीं आई है। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित के बताए हुलिए के आधार पर पुलिस ने एक आरोपी रंजीत निवासी टपुआ थाना अलीगंज को गिरफ्तार कर लिया है। उसने बताया है कि वह घटना के समय मौजूद था, लेकिन उसने दुष्कर्म नहीं किया। उसने घटना में शामिल अन्य आरोपियों के नाम बिंद, सुरजीत सिंह, लालजी, प्रमोद कुमार व प्रशांत कुमार बताए है। इनमें एक आरोपी सुरजीत सिंह एमएलसी का बेटा है। इनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।