पटियाली के ग्राम प्रहलादपुरा में शनिवार रात अपने घर लौट रहे जीनेश को कुछ
लोग अगवा कर ले गए और उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। रविवार सुबह उसका शव एक
खेत में पड़ा मिला। एक महिला के साथ जीनेश के अवैध प्रेम संबंधों को घटना
की वजह बताया जा रहा है।
मृतक जीनेश गांव प्रहलादपुरा निवासी रामदास का पुत्र था। वह शनिवार को अपने
पिता के साथ गांव मेहनती में एक तेरहवीं में शामिल होने गया था। शनिवार की
रात लौटते समय कुछ लोगों ने पिता-पुत्र को घेर लिया। उन्होंने रामदास को
तो छोड़ दिया, लेकिन जीनेश को अपने साथ ले गए।
इसकी जानकारी होने पर जीनेश
के परिवारीजनों और ग्रामीणों ने खेतों में इनकी तलाश भी की, लेकिन पता नहीं
चला। रविवार सुबह उसका शव गांव के बाहर एक खेत में पड़ा मिला। घटना के
संबंध में रामदास ने कोतवाली में पुष्पेंद्र, श्यामपाल, दुर्विजय सिंह,
अशोक, सुदेश, रजनेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना प्रभारी ने बताया
कि जीनेश फरवरी माह में घटना में नामजद किए गए आरोपी पुष्पेंद्र की पत्नी
को बहला फुसलाकर भगा ले गया था। इस मामले में मार्च माह उसे गिरफ्तार कर
जेल भेजा गया था और अप्रैल माह में उसकी जमानत हो गई थी। नवंबर माह में उसे
पुलिस ने अवैध शस्त्र अधिनियम के तहत जेल भेजा था। कुछ दिन पहले ही जमानत
पर छूटा था। पत्नी को भगा ले जाने की रंजिश में पुष्पेंद्र ने अपने साथियों
के साथ मिलकर उसकी हत्या की है।