पेट्रोल पंप के मुनीम और सेल्समैन से शनिवार को दिनदहाड़े बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाश चार लाख छह हजार की लूटकर भाग गए। घटना की जानकारी लगने पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर प्रभारी एसएसपी, एएसपी क्राइम के अलावा कोतवाली नगर और देहात की पुलिस पहुंच गई ।
मोहल्ला शांतिनगर निवासी अर्पित उपाध्याय की पेट्रोल पंप कोतवाली देहात स्थित कासगंज रोड पर एसआर पेट्रोल पंप है। जिस पर सेल्समैन नरेंद्र निवासी धिरामई मिरहची और मुनीम उमेश दीक्षित निवासी पीलीभीत काम देखते हैं। शनिवार सुबह नरेंद्र और उमेश बाइक से चार लाख छह हजार रुपये लेकर केनरा बैंक में जमा करने जा रहे थे। रुपये डिग्गी में रखे थे। करीब 11 बजे ओवरब्रिज पर पहुंचे ही थे, तभी पीछे से नकाबपोश दो बदमाशों ने ओवरटेक कर बाइक रुकवा ली और दोनों को नीचे गिरा दिया, जब तक दोनों कुछ समझ पाते, बदमाशों ने तमंचा तान दिया। डिग्गी में से रुपये निकालते समय बदमाशों से मुनीम की हाथापाई भी हुई।
बाद में बदमाश रुपये लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी पीड़ित ने पेट्रोल पंप मालिक और पुलिस को दी। जानकारी लगते ही प्रभारी एसएसपी विसर्जन सिंह यादव, एएसपी क्राइम आरपी गुप्ता, नगर प्रभारी, थानाध्यक्ष देहात सहित फोर्स मौके पर पहुंच गया। मामले की रिपोर्ट अर्पित उपाध्याय ने अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध दर्ज कराई है।
नीली बत्तती गाड़ी भ्ाी नहीं रुकी
पीड़ितों ने बताया कि कैश लूटते समय उन्होंने पब्लिक से मदद की गुहार भी लगाई थी, मगर कोई भी उन्हें बचाने आगे नहीं आया। इतना ही नहीं वहां से नीली बत्ती की गाड़ी भी गुजरी, जिसे भी रुकवाने की कोशिश की, मगर वह भी नहीं रुकी। वहीं ओवरब्रिज पर पुलिस की गाड़ी भी खड़ी रहती है लेकिन घटना के समय वह भी नहीं थी।
अपनों पर बढ़ता शक, बदमाशों को कैसे हुई जानकारी
लूट के बाद पुलिस जांच में कई तथ्य सामने आए हैं। पुलिस की मानें, तो बदमाशों को कैसे पता चला कि आज ही यह दोनों पैसे लेकर जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।