ग्राम बहारपुर के रेलवे फाटक के निकट तीन दिन पूर्व मिले शव की शिनाख्त हो जाने के बाद ग्रामीणों का आक्रोश भड़क गया। ग्रामीणों ने शव रखकर जाम लगा दिया। तीन घंटे तक जाम रहने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई।
बन्ने कुरैशी पुत्र नन्ने कुरैशी निवासी सुजावलपुर 19 जून से लापता चल रहा थे। वह पशुओं की खरीद फरोख्त का कार्य करता थे। उसका शव बहारपुर रेलवे फाटक के निकट मिला। उस समय उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए एटा भेज दिया। बुधवार को उसके फोटो से परिवारीजनों ने शिनाख्त की। शिनाख्त हो जाने के बाद उसके शव को एटा से लाया गया। परिवारीजनों ने हत्या कर शव को रेलवे फाटक के पास डाल देने का आरोप लगाया। आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सहावर रोड तिराहे पर रख कर जाम लगा दिया। जब इस बात की जानकारी पुलिस को हुई तो पुलिस मौके पर पहुंच गई। सूचना पर सीओ अमृत लाल भी पहुंच गए। काफी समझाने के बाद ग्रामीण शांत हुए। पुलिस ने हत्यारों को 24 घंटे में गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। इसके बाद मामला शांत हो सका। तीन घंटे तक जाम रहने से यातायात व्यवस्था चरमरा गई। लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस मौके पर सुजावलपुर प्रधान मु0 बसीम, शाहिद पापूलर, लाल मियां कुरैशी, जौहर मियां कुरैशी, इबरत यार खां, गुलाम नबी, अबरार चैधरी, सहित अनेको लोग मौजूद थे। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण सिर में चोट लगना आया है। अभी परिवारीजनों ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर पुलिस प्राथमिकी दर्ज की कार्रवाई करेगी।