पटियाली-अलीगंज हाईवे पर गूंदरागंज के निकट इंडिका कार की टक्कर से ग्रामीण की मौत हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने मार्ग पर जाम लगा दिया, इससे हाईवे पर तीन घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए एटा भेजा है। पुलिस ने कार सवार दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया है।
रामदत्त (60) निवासी गूंदरागंज पटियाली पैदल अपने घर जा रहे थे। पटियाली-अलीगंज हाईवे पर गांव के पास ही अलीगंज की ओर से आई इंडिका कार उनसे टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ग्रामीण का सिर और हाथ कटकर दूर जा गिरे। ग्रामीण से टक्कर के बाद कार मार्ग पर लगे एक बिजली के खंभे से जा टकराई, इससे खंभे के तीन टुकड़े हो गए।
मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। सूचना पर रामदत्त के परिवारीजन भी आ गए। गुस्साए लोगों ने दोपहर करीब 12:30 बजे हाईवे पर जाम लगा दिया। इसके चलते दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई, गर्मी के चलते यात्री व्याकुल होने लगे।
सूचना पर थाना पुलिस पहुंच गई। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए कई थानों की पुलिस बुला ली गई। सीओ जगतराम भी मौके पर आ गए। वह ग्रामीणों को समझाबुझाकर लगभग पौने चार बजे जाम खुलवा सके।