अमेठी जिले के मोहनगंज थाना क्षेत्र के धरमपुर मजरे जमुरवा गांव में युवक की हत्या के बाद गमगीन परिवारीजन।
- फोटो : अमर उजाला
घर से गुरुवार की रात से लापता युवक की हत्या कर शव कुएं में फेंक दिया गया। शुक्रवार को दोपहर में बकरी चराने गए बच्चाें ने बाग में चप्पल पड़ी देखी तो सूचना परिवारीजनों को दी। मौके पर पहुंचे परिवारीजनों को कुएं के अंदर शव पड़ा मिला। मृतक के गले में काला निशान और नाक से खून निकलने का निशान पड़ा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि गला घोंटकर हत्या कर दी गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अमेठी जिले के मोहनगंज थाना क्षेत्र में धरमपुर मजरे जमुरवा निवासी गुलशन मौर्या (18) गुरुवार की रात खाना खाकर लेटा हुआ था। परिवारीजनों के मुताबिक रात करीब नौ बजे किसी का फोन आया। इस पर वह अपने भाई सावन कुमार को थोड़ी देर में आने की बात कहकर कहीं चला गया। करीब आधा घंटा तक नहीं लौटा तो परिवारीजनों ने फोन करना शुरू कर दिया। मोबाइल स्विच ऑफ होने पर किसी घटना की आशंका से परिवारीजन परेशान हो गए। काफी तलाश के बाद भी कुछ पता नहीं चल सका।
सुबह आठ बजे से भाई संजय कुमार ने शंकरगंज चौकी पर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी। गांव के दक्षिण की ओर गुलशन मौर्या का निजी ट्यूबवेल है। उसी से सटे लाला का बाग में कुछ बच्चे बकरी चरा रहे थे। चप्पल पड़ी देख बच्चों को आशंका हुई, तो इसकी सूचना परिवारीजनों को दी। परिवार के लोग पहुंचकर देखा, तो चप्पल गुलशन मौर्या का निकली। छानबीन के दौरान कुएं में शव पड़ा मिला। हत्या करने वाले कौन है और क्यों वारदात को अंजाम दिया, इसका पता नहीं चल सका है।