सहावर में दिन दहाड़े बाइक सवार लुटेरों ने गल्ला कारोबारी से 4.5 लाख रुपये की नकदी लूट ली। लूट की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। एसपी ने एसओ को सस्पेंड कर दिया। पुलिस ने लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
सूरज कुमार पुत्र कुंवरपाल निवासी ग्राम बहापुर की मोहनपुर रोड पर गल्ला की आढ़त है। सोमवार को वह भारतीय स्टेट बैंक सहावर से साढ़े चार लाख रुपये निकाल कर बाइक से अपनी आढ़त पर जा रहा था। जब वह मोहनपुर एटा मार्ग पर कोअपरेटिव सोसायटी के पास बाइक सवार दो लुटेरों ने उसकी बाइक रोक ली। बाइक में लात मारकर उसे गिरा दिया। इसके बाद उस पर तमंचा तान कर नकदी से भरा बैग छीन लिया। लुटेरे वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। कारोबारी के शोर मचाने पर काफी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए। लूट की सूचना पर एसपी सुनील कुमार, क्षेत्राधिकारी शैलेंद्रलाल एवं थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधिकारियों ने कारोबारी से बातचीत कर घटना की जानकारी ली। घटना से लोगों में काफी रोष देखा गया। सूचना मिलने पर काफी संख्या में कारोबारी भी थाने पहुंच गए। एसपी ने दिन दहाड़े हुई लूट की घटना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी सहसवीर को सस्पेंड कर दिया। एसपी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अभी कोई लुुटेरा पुलिस की पकड़ में नहीं आ सका है।